August 12, 2026

CM धामी ने खेल अवसंरचना सुदृढ़ करने और युवाओं को प्रोत्साहित करने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में खेल विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य में खेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान तैयार की गई सुविधाओं के रख-रखाव और प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके अलावा, उन्होंने हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में बनने वाले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

धामी ने न्याय पंचायत से लेकर विधायक, सांसद स्तर तक प्रतियोगिताओं के आयोजन और अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन, पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति, खेल अकादमियों की स्थापना और निजी क्षेत्र की भागीदारी से खेल अवसंरचना के विकास पर जोर देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.