देहरादून की बदहाल सड़कों पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, सुजाता पॉल ने साधा निशाना
राजधानी देहरादून में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सुजाता पॉल ने सरकार पर व्यंग्य करते हुए कहा कि देहरादून की सड़कों की खराब हालत अब गूगल लोकेशन तक बता रही है।
सुजाता पॉल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केवल दिखावे तक सीमित रह गई है। शहर की सड़कों की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद उन्हें दुरुस्त करने के लिए न तो अधिकारी गंभीर नजर आ रहे हैं और न ही सरकारी मशीनरी सक्रियता दिखा रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और बदहाल व्यवस्था आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राजधानी देहरादून की सड़कों की स्थिति इतनी खराब है तो प्रदेश के अन्य इलाकों में व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
सुजाता पॉल ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केवल सड़कें ही बदहाल नहीं हैं, बल्कि पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति भी लगभग ऐसी ही बनी हुई है। सरकार को जमीनी समस्याओं पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
सुजाता पॉल, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस
