Recent Posts

August 16, 2026

NEET पेपर लीक मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

protests

महानगर कांग्रेस कमेटी ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए उप जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर मामले में लापरवाही बरतने और जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और पीसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा NEET पेपर लीक मामला केवल एक परीक्षा का संकट नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देते हैं, लेकिन पेपर माफिया उनकी मेहनत पर पानी फेर देते हैं। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा का प्रश्नपत्र आखिर कैसे लीक हुआ और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह एडवोकेट और चंदन सिंह पंवार ने कहा कि चाहे छात्रों के भविष्य का प्रश्न हो या युवाओं के रोजगार का, सरकार हर मोर्चे पर जवाबदेह है। उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अब तक प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, शिक्षा मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे देश में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे देश में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.