राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुलिस की जवाबदेही तय करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजधानी में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। कांग्रेस ने खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। हालिया रायपुर क्षेत्र के तिहरे हत्याकांड में एक बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या की गई थी।
भाजपा का पलटवार
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदेश पुलिस पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि उत्तराखंड की जमीन पर अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जपेंद्र सिंह ने कहा कि जो अपराधी अपराध को अपनी नीति समझते हैं, उनके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है और उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भी पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई देखने को मिली है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को केवल ज्ञापन की राजनीति करने के बजाय पुलिस की कार्रवाई को भी देखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है और कानून-व्यवस्था को लेकर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है।
कांग्रेस और भाजपा के बीच इस आरोप-प्रत्यारोप के बीच देहरादून में कानून-व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश उपाध्यक्ष, कांग्रेस
कुंवर जपेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा।