सीएम धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- दलितों के नाम पर सिर्फ राजनीति करती है कांग्रेस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर एक बार फिर दलित विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से दलितों के नाम पर राजनीति करती रही है, जबकि भाजपा सरकार ने दलित समाज को सम्मान और अधिकार देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में दलित समाज को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों तक प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के लिए लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले पर भी बोले धामी
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण मामले पर मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि इस मामले को कांग्रेस ने चुनावी माहौल में राजनीतिक मुद्दा बनाया।
धामी का कहना है कि वहां किसी जाति या धर्म का शुद्धिकरण नहीं किया गया था, बल्कि कार्यक्रम के बाद मैदान और मंच पर फैली गंदगी की सफाई के लिए हवन किया गया था। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि यह अनुष्ठान किसी व्यक्ति या जाति के खिलाफ नहीं था।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर कांग्रेस ने जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए थे। विवाद के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक दलितों के नाम पर केवल नारे दिए, जबकि भाजपा सरकार ने ठोस काम किया है। उन्होंने कहा कि अब जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके दावों की वास्तविकता को समझ चुकी है।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड।
