June 20, 2026

देहरादून: मानसून में बीमारियों से निपटने को स्वास्थ्य विभाग की तैयारी

Health Department

देहरादून में मानसून के दौरान बरसात से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) देहरादून ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

सीएमओ ने बताया कि बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, टायफाइड, दस्त, हैजा और वायरल बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, ओआरएस, जीवन रक्षक दवाओं और जांच किटों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए सर्विलांस बढ़ाया गया है। आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य टीमों को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने, जलभराव वाले स्थानों की निगरानी करने और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर समय पर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमओ ने आम नागरिकों से अपील की कि वे साफ और उबला हुआ पानी पीएं, घर के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें और बुखार, उल्टी, दस्त या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और सावधानी बरतकर मानसून जनित बीमारियों से बचा जा सकता है।
वहीं उन्होंने कहा है कि जिले में मानसून के दौरान किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

 डॉ. मनोज कुमार शर्मा, सीएमओ देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.