June 25, 2026

देहरादून: नर्सिंग अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज, पानी की टंकी पर चढ़े अभ्यर्थी

परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर सोमवार को नर्सिंग अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में ज्योति रौतेला भी पानी की टंकी पर चढ़ गईं। उन्होंने नर्सिंग अभ्यर्थियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की।

ज्योति रौतेला ने कहा कि लंबे समय से नर्सिंग अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार से जुड़ी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ताओं के पहुंचने की भी संभावना जताई जा रही है। महिला कांग्रेस और अन्य समर्थकों के पहुंचने से आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलता दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में देरी और अनियमितताओं के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी तैनात रही, ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.