August 26, 2026

अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में धामी सरकार का बड़ा कदम: अजय कोटियाल

Press meeting

उत्तराखंड के राज्य मंत्री एवं पूर्व कर्नल अजय कोटियाल ने अग्निवीर योजना को लेकर धामी सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि अग्निवीर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में अग्निवीर रोजगार सेल के गठन को मंजूरी दी गई है। इस सेल का उद्देश्य सेना में चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद वापस लौटने वाले अग्निवीरों को उनकी योग्यता, कौशल और सैन्य अनुभव के आधार पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

अजय कोटियाल ने बताया कि रोजगार सेल के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, पैरामिलिट्री फोर्स, सरकारी विभागों और निजी कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके जरिए अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर तलाशने के साथ उनकी क्षमता के अनुरूप उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अग्निवीरों को सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं और स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि सेना से लौटने के बाद वे अपने कौशल का बेहतर उपयोग कर सकें।

सरकार की ओर से अग्निवीरों के लिए एक डिजिटल पोर्टल तैयार किए जाने की भी योजना है। इस पोर्टल के माध्यम से रोजगार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

अजय कोटियाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पहले ही अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था कर चुकी है। रोजगार सेल के गठन से इस पहल को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सेना से सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों के सैन्य अनुशासन, तकनीकी दक्षता और अनुभव का उपयोग करते हुए उन्हें सम्मानजनक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

कर्नल अजय कोठियाल(री), राज्य मंत्री

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.