रुद्रपुर SIR विवाद पर बोले धामी, कहा- कानून हाथ में लेना उचित नहीं
रुद्रपुर में निर्वाचन आयोग के संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SIR कार्य के दौरान हुए विवाद को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सरकारी कामकाज में बाधा डालना और कानून को अपने हाथ में लेना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से SIR की प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची का पारदर्शी तरीके से शुद्धिकरण करना और फर्जी एवं बोगस मतदाताओं को हटाना है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों को निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है, लेकिन जबरदस्ती कानून अपने हाथ में लेना कानून का उल्लंघन है। सरकारी कार्यों में व्यवधान पैदा करने के बजाय किसी भी आपत्ति या शिकायत को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचन आयोग के समक्ष रखा जाना चाहिए।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR के माध्यम से मतदाता सूची में मौजूद बोगस और फर्जी वोटों का शुद्धिकरण किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और आम लोगों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके।
