हरिद्वार: तीसरे वेंडिंग जोन के लाभार्थियों का लकी ड्रॉ संपन्न
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना और उत्तराखंड फेरी नीति नियमावली के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में हरिद्वार नगर निगम प्रशासन द्वारा विकसित तीसरे वेंडिंग जोन के लाभार्थियों का लकी ड्रॉ निकाला गया। भगत सिंह चौक से सेक्टर-2 बैरियर तक विकसित किए गए वेंडिंग जोन के लिए नगर निगम द्वारा जारी लाभार्थी सूची के आधार पर यह प्रक्रिया पूरी की गई।
नगर निगम की मेयर किरण जैसल ने लकी ड्रॉ निकाला। इस दौरान लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा, क्षेत्रीय पार्षद अनुज सिंह और पार्षद सुनील पांडे मौजूद रहे। नगर निगम के वरिष्ठ लिपिक एवं फेरी समिति प्रभारी शिव सिंह चौहान ने नियमानुसार सभी लाभार्थियों की कार्रवाई पूरी कर लकी ड्रॉ की पर्चियां मेयर के समक्ष प्रस्तुत कीं।
मेयर किरण जैसल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के अनुरूप स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों को व्यवस्थित तरीके से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा विकसित सभी वेंडिंग जोन की मूलभूत सुविधाओं और रखरखाव की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला 2027 को देखते हुए मेला प्रशासन के सहयोग से रेहड़ी-पटरी स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों को उचित प्रबंधन के साथ वेंडिंग जोन में व्यवस्थित एवं स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मेयर किरण जैसल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लघु व्यापारियों के उत्थान से संबंधित संगठनों की ओर से समय-समय पर दिए गए प्रतिवेदनों पर मेयर द्वारा गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लघु व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मेला प्रशासन से वार्ता की जाएगी और व्यापार संचालन के लिए नई जगहों को वेंडिंग जोन के रूप में चिन्हित कराने का प्रयास किया जाएगा।
