August 8, 2026

 मणिपुर में महिलाओं का शोषण, कांग्रेस पार्टी ने किया मोदी और अमित शाह का पुतला दहन

मणिपुर में दो महिलाओं को बीच बाज़ार नग्न अवस्था में घुमाने के खिलाफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी आक्रोशित नजर आ रही है जिसके चलते आज राजधानी देहरादून में महानगर और महिला कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की।

वहीं इस बीच कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि बीजेपी की कथनी और करनी में ज़मीन आसमान का फर्क है जहां एक तरफ यह सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है तो दूसरी तरफ इतनी बड़ी घटना मणिपुर में घटित हुई है और प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी तरफ से कोई कारवाई नहीं की है। साथ ही उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड पर भी भाजपा सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है जिसे कांग्रेस पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और हम सड़कों पर उतरकर आक्रोश प्रकट करते रहेंगे।

वही इसके साथ महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा ने कहा कि मणिपुर की राजधानी से 35 किलोमीटर के अंदर ऐसी घटना हुई जिसका वीडियो अगर कोई सोशल मीडिया पर नहीं डालता तो शायद देश की जनता को इसका पता भी नहीं चलता कि महिलाओं के साथ वहां इतना अत्याचार हो रहा है। साथ ही उन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका ऐसा बयान कि ऐसी सैकड़ों घटनाए तो राज्य में हो चुकी है यह बिलकुल शर्मनाक है और ऐसी मौन सरकार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.