June 23, 2026

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर हुआ जानलेवा हमला: सुरक्षाकर्मियों हमलावर को मौके पर ही दबोचा।

Jammu&Kashmir, 12 March 2026,

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर सुरक्षा घेरे के बीच एक शख्स ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला उस वक्त हुआ जब फारूक अब्दुल्ला अपने सुरक्षा घेरे के साथ विवाह समारोह से बाहर निकल रहे थे। हमलावर ने काफिले के पीछे से आकर पिस्टल से डॉक्टर फारूक अब्दुल्ला को लक्ष्य बनाकर गोलियां चला दी। गनीमत रही कि गोली उन्हें छूकर निकल गई और सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया। फारूक अब्दुल्ला के साथ काफिले में शामिल डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी को मामूली चोटें आई हैं। हमलावर को कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

मौके पर गिरफ्तार हमलावर की पहचान 61 वर्षीय कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है। वह जम्मू के पुराने शहर का निवासी है और आर्थिक रूप से संपन्न बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की है, जिससे आरोपी ने फारूक अब्दुल्ला पर हमला किया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी कमल ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला की हत्या करने की योजना बना रहा था। वह बस एक सही मौके की तलाश में था। आज उसे पता चला कि उसके चचेरे भाई के बेटे की शादी में फारूक अब्दुल्ला भी शामिल होने वाले हैं। कमल को भी इस शादी में न्योता मिला था। उसे लगा कि यह मौका सबसे बेहतर है क्योंकि शादी के शोर-शराबे और भीड़ में वह आसानी से योजना को अंजाम दे सकता है। जैसे ही डॉक्टर फारूक अब्दुल्ला का काफिला शादी समारोह से बाहर निकलने लगा, उसने पीछे से आकर अचानक हमला कर दिया।

फारूक अब्दुल्ला ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि, मुझे ऊपर वाले ने बचाया है। शादी से निकलते समय मैंने कुछ आवाज सुनी, मुझे लगा कि यह पटाखा है। बाद में मुझे बताया गया कि एक आदमी ने पिस्तौल से दो गोलियां चलाईं। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव किया, जिससे हथियार ऊपर की ओर हो गया और नुकसान होने से बच गया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.