July 26, 2026

सेन्दूल गांव में सामुदायिक वर्क शेड का शिलान्यास, जौनपुर क्षेत्र के लिए कोल्ड स्टोरेज की घोषणा

कृषि एवं जनपद टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने जनपद भ्रमण के दौरान जौनपुर क्षेत्र के सेन्दूल गांव पहुंचकर नाग देवता मंदिर स्थापना दिवस समारोह एवं सामुदायिक वर्क शेड के शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने सामुदायिक वर्क शेड का विधिवत शिलान्यास किया।

कार्यक्रम से पूर्व कृषि मंत्री ने नाग देवता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। जौनपुर क्षेत्र पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश जोशी ने ग्रामीणों की मांग पर जौनपुर क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज निर्माण की घोषणा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों की घेरबाड़, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य की सभी न्याय पंचायतों में “खेत बचाओ अभियान” संचालित किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि धरती माता के संरक्षण और कृषि भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग तथा जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना आवश्यक है।

उन्होंने किसानों को मिलेट मिशन से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि इस वर्ष मिलेट फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,209 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने कृषकों से स्थानीय समूहों और एफपीओ के माध्यम से अपने उत्पाद सहकारिता विभाग को विक्रय कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

गणेश जोशी ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों के कल्याण, कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक तकनीकों, प्राकृतिक खेती और बेहतर विपणन सुविधाओं के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.