आपदा प्रबंधन पर सरकार का दावा, राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर हुए: विनोद कुमार सुमन
उत्तराखंड में बीते एक वर्ष के दौरान आई प्राकृतिक आपदाओं के बीच सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए गए तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई गई।
आपदा सचिव ने बताया कि राज्य सरकार ने एसडीआरएफ (State Disaster Response Fund) के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रभावित परिवारों को राहत राशि और अन्य आवश्यक सहायता लगातार उपलब्ध कराई। वहीं जिन क्षेत्रों में नुकसान निर्धारित मानकों से अधिक था, वहां मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
विनोद कुमार सुमन ने कहा कि केवल राहत वितरण तक ही प्रयास सीमित नहीं रहे, बल्कि कई संवेदनशील और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक एवं प्रोटेक्शन कार्य भी कराए गए हैं, ताकि भविष्य में संभावित नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं और सुरक्षा संबंधी कार्य अभी प्रक्रिया में हैं, जिन्हें जल्द पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रमुख उद्देश्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द से जल्द बहाल करना है। इसके साथ ही भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए दीर्घकालिक रणनीति और सतर्कता के साथ विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
आपदा सचिव ने विश्वास जताया कि सरकार राहत, पुनर्वास और आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति का बेहतर तरीके से सामना किया जा सके।
विनोद कुमार सुमन, आपदा सचिव।
