ईडी पर बरसे हरक सिंह रावत, बोले- भाजपा नेताओं की संपत्ति क्यों नहीं दिखती?
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी भाजपा के एजेंट के तौर पर काम कर रही है और जिन लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की जा रही है, उनमें भाजपा नेताओं के नाम नजर नहीं आते।
हरक सिंह रावत ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन-जिन लोगों पर ईडी कार्रवाई कर रही है, उनमें एक भी नाम भाजपा का क्यों नहीं है? उन्होंने कहा कि क्या ईडी को भाजपा नेताओं की संपत्तियां दिखाई नहीं देतीं। रावत ने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई राजनीतिक रूप से पक्षपातपूर्ण है।
उन्होंने ईडी को सलाह देते हुए कहा कि एजेंसी को एक दिन भाजपा नेता और मंत्री गणेश जोशी के घर भी छापा मारना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के गांव लेखक गांव का जिक्र करते हुए कहा कि ईडी वहां भी जाकर जांच करे और देखे कि इतना बड़ा गांव कैसे बना दिया गया।
हरक सिंह रावत के इन बयानों से उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के आसार हैं। उनके बयान को कांग्रेस की ओर से केंद्र की जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर लगातार उठाए जा रहे सवालों की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।
हरक सिंह रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री
