June 23, 2026

स्वास्थ्य विभाग को मिले 30 और विशेषज्ञ चिकित्सक

स्वास्थ्य विभाग को 30 और विशेषज्ञ चिकित्सक मिल गये हैं। इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नवीन तैनाती को स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने अनुमोदन दे दिया है। इसके साथ ही विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या में और इजाफा हुआ है। पीजी कोर्स पूर्ण करने उपरांत विभाग में सेवाएं देने से आम लोगों को इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की विशेषज्ञता को लाभ मिलेगा साथ ही दूरस्थ व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी।

प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार की मंशा प्रत्येक चिकित्सा इकाईयों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर आम लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करना है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग को 30 और नये विशेषज्ञ चिकित्सक मिल गये हैं। पोस्ट ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद राज्य सेवा में लौटे इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नवीन तैनाती को सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने मंजूरी दे दी है। इन विशेषज्ञ चिकित्सकों को उनके विशेषज्ञता के अनुरूप विभिन्न जनपदों में एक यूनिट के रूप में तैनाती दी गई है ताकि विशेषज्ञ चिकित्सकों का आपसी समन्वय बना रहे और मरीजों को आसानी से उपचार मिल सके। जिसमें बागेश्वर जनपद में एक-एक ईएनटी, आॅब्स एंड गायनी तथा एनेस्थीसियोलाॅजी की तैनाती की गई है। इसी प्रकार पौड़ी जनपद में जनरल सर्जरी, रेस्पेरेट्री मेडिसिन, एनेस्थीसियोलाॅजी, आॅर्थोपेडिक्स के एक-एक विशेषज्ञ चिकित्सक जबकि जनरल मेडिसिन व आॅब्स एंड गायनी के 2-2 विशेषज्ञ चिकित्सकों को तैनाती दी गई है। पिथौरागढ़ में आॅब्स एंड गायनी, पैथोलाॅजी, फाॅरेंसिक मेडिसिन, एमडी माइक्रोबायोलाॅजी के एक-एक विशेषज्ञ चिकित्सक भेजे गये हैं। रूद्रप्रयाग में पीडियाट्रिक्स, जनरल मेडिसिन तथा एमडी एनेस्थीसियोलाॅजी, हरिद्वार में कम्युनिटी मेडिसिन, एनेस्थीसियोलाॅजी तथा एमएस जनरल सर्जरी, उत्तरकाशी में जनरल सर्जरी, ईएनटी, एमडी एनेस्थीसियोलाॅजी, आॅप्थलमोलाॅजी, चमोली में जनरल मेडिसिन, एमएस ईएनटी तथा देहरादून जनपद में एमडी पैथोलाॅजी, एनेस्थीसियोलाॅजी व एमडी फाॅरेंसिक मेडिसिन की तैनाती की गई है। इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से न सिर्फ प्रदेश का स्वास्थ्य तंत्र सुदृढ़ होगा बल्कि आम लोगों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से उचित उपचार मिलेगा। साथ ही चार धाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं सुलभ होंगी।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की निरंतर तैनाती की जा रही है। 30 और नये विशेषज्ञ चिकित्सक आने से प्रदेश की चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी, जिसका लाभ सीधे तौर पर आम लोगों को मिलेगा। – *डाॅ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.