सैन्य धाम के लोकार्पण की तैयारियां तेज करने के निर्देश, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने की विभागीय समीक्षा
उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं और लंबित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए सैन्य धाम के लोकार्पण की तैयारियों में तेजी लाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैन्य धाम के अंतिम चरण के सभी निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि सैन्य धाम के लोकार्पण से संबंधित तैयारियां और कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार की जाए। साथ ही लोकार्पण से पूर्व प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने सचिव सैनिक कल्याण को मुख्यमंत्री की घोषणाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि सभी घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने प्रदेशभर में स्थित सैनिक विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए नए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने हेतु उपयुक्त स्थानों का चयन करने को भी कहा।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को हल्द्वानी में सैनिकों के बच्चों के लिए प्रस्तावित 150 कमरों वाले आधुनिक छात्रावास के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान भूमि पर किसी प्रकार की बाधा है तो शीघ्र वैकल्पिक भूमि का चयन कर परियोजना को आगे बढ़ाया जाए, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण से जुड़े सभी कार्य सरकार की प्राथमिकता में हैं और इन योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
