June 16, 2026

भिलाडू स्टेडियम परियोजना में तेजी लाने के निर्देश, अवैध अतिक्रमण पर भी सख्ती के आदेश

कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi ने अपने कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भिलाडू में प्रस्तावित स्टेडियम परियोजना को लेकर जिला प्रशासन, खेल विभाग, वन विभाग एवं पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने भिलाडू स्टेडियम के लिए प्रस्तावित एक्सटेंशन मार्ग से संबंधित वन भूमि पर वन विभाग द्वारा समय-समय पर उठाई जा रही आपत्तियों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भिलाडू स्टेडियम परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में परियोजना से जुड़ी सभी प्रशासनिक और कागजी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

मंत्री ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि खेल अवसंरचना के विकास से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।

बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के मालसी, झड़ीपानी तथा अन्य क्षेत्रों में बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण के मामलों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएं तथा कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक संसाधनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त और प्रभावी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं नियमानुसार विकास कार्यों को सुनिश्चित करना चाहिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति और अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने सभी मामलों में नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.