November 17, 2026

पत्रकारिता में तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता होनी चाहिए जिससे समाचार का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़े: जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी,

Dehradun 16 November 2026,
‘राष्ट्रीय प्रेस दिवस, पर जिला सूचना कार्यालय देहरादून के परिसर में भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय ‘‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’’ पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में उपस्थित पत्रकारों ने वर्तमान दौर में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, समाचारों की तथ्यात्मकता, निष्पक्षता तथा डिजिटल एवं सोशल मीडिया के प्रभाव सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।
विचार गोष्ठी का शुभारंभ करते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में जहां प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से परिवर्तन हो रहा है, वहीं पत्रकारिता का स्वरूप भी व्यापक रूप से बदला है। डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं का प्रसार पहले की अपेक्षा कहीं अधिक तीव्र हुआ है। ऐसे में पत्रकारिता की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि समाचारों को आकर्षक बनाने के लिए सनसनीखेज प्रस्तुति का सहारा लिया जा सकता है, लेकिन किसी भी खबर की मूल भावना उसकी तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता होनी चाहिए। समाचार का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़े तथा आमजन तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचे, यह पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है।
वरिष्ठ पत्रकार वी. डी शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपनी लेखनी में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और विश्वास बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस दौर में पत्रकारिता को परजीवी प्रवृत्ति से बचाते हुए स्वतंत्र एवं मौलिक चिंतन को बढ़ावा देना होगा।
वरिष्ठ पत्रकार गिरिधर गोपाल लुथरा ने कहा कि पत्रकारिता में संवेदनशील विषयों पर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। ऐसे विषयों से संबंधित समाचारों को प्रकाशित करने से पूर्व तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील घटनाओं की अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी समाज में नकारात्मक संदेश दे सकती है।
वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है और देश एवं समाज के प्रति मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में संवेदनशीलता के साथ-साथ तथ्यों की प्रमाणिकता भी आवश्यक है।
वरिष्ठ पत्रकार पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को समाज, सरकार एवं विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण, राहुल शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सूचनाओं की अधिकता और त्वरित प्रसार के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए समाचारों की पुष्टि, भाषा की मर्यादा, सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।
अमित नेगी, लक्ष्मी बिष्ट, राहुल शर्मा, भुवनेश थपलियाल, सोहनवीर सिंह धीरवान मुकेश कुमार, मानव डोभाल, आकाश सिंह, एवं जसपाल राणा सहित अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र नेगी, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश सहित जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.