November 17, 2026

युवा केवल जॉब सीकर न बनें, बल्कि जॉब क्रिएटर बनकर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं’: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,

Uttrakhand 16 November 2026,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आईआरडीटी सभागार, देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री आईटीआई में राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल विकसित करने में सराहनीय योगदान देने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चीन के शंघाई में सितंबर 2026 में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 सिल्वर मेडल व 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए और प्रतियोगिता में 10वां स्थान प्राप्त किया। यह वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उपलब्धि में उत्तराखण्ड के दो प्रतिभाशाली युवाओं सानिया जोशी और पार्थ बोहरा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स तथा पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर यह प्रयास किया जा रहा है कि युवाओं को उन क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिले, जिनमें वर्तमान समय में कुशल मानव संसाधन की अधिक मांग है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा केवल जॉब सीकर न बनें, बल्कि जॉब क्रिएटर बनकर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं तथा ₹200 करोड़ के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद से अब तक प्रदेश में लगभग 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं, जिनमें से पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा व खजान दास और सचिव सी. रविशंकर, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न संस्थानों के प्रशिक्षक, सम्मानित प्रतिभागी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.