August 8, 2026

लंगासू हत्याकांड का खुलासा: उधारी विवाद में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

लंगासू क्षेत्र में अलकनंदा नदी किनारे मिले शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। बीते 10 मार्च को नदी किनारे एक शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे, जिससे मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस ने मौके पर पंचनामा भरकर जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं पर काम किया।

कुछ दिनों बाद एक महिला ने शव की पहचान अपने पति सूरज पुरोहित के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष एसआई टीम और एसओजी टीम का गठन किया। जांच के दौरान कॉल डिटेल खंगाली गई, जिससे पता चला कि मृतक नन्दप्रयाग क्षेत्र में एक होटल में रहकर काम करता था।

जांच में सामने आया कि सूरज पुरोहित ने एक व्यक्ति को 10 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोपी को मृतक द्वारा शराब के नशे में सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपी ने हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार 16 फरवरी को आरोपी ने सूरज पुरोहित की हत्या कर दी और शव के हाथ-पैर बांधकर प्लास्टिक के कट्टे में डाल दिया। इसके बाद आरोपी शव को कार में ले गया और पुल से अलकनंदा नदी में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और रस्सी बरामद कर ली है। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं। इस मामले के सफल खुलासे पर आईजी गढ़वाल ने टीम को 5 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.