August 8, 2026

कावली रोड क्षेत्र में पेयजल सुधार कार्यों का शुभारंभ, ₹5.80 करोड़ की योजनाओं की सौगात

विधायक खजानदास ने कावली रोड क्षेत्र सहित विभिन्न वार्डों में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों के स्थान पर नई लाइनों के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने करीब ₹5.80 करोड़ से अधिक लागत की योजनाओं की सौगात क्षेत्रवासियों को दी, जिससे लोगों में खुशी का माहौल है।

इन कार्यों में कावली रोड कोमेट कॉलोनी, कबीर डेरी वाली गली, गोपीनाथ मंदिर वाली गली, अंसारी मार्ग, डाडीपुर मोहल्ला और कालिका मंदिर के सामने की गली सहित कई क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था का सुधार शामिल है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे थे, जिस पर जनहित में त्वरित कार्रवाई करते हुए योजनाओं को स्वीकृति दिलाई गई।

इस अवसर पर विधायक खजानदास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

विधायक ने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की पारदर्शी नीति और त्वरित कार्यशैली के कारण विकास योजनाओं को समय पर स्वीकृति मिल रही है और उनका लाभ आम जनता तक समयबद्ध तरीके से पहुंच रहा है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.