Recent Posts

August 16, 2026

सूचना विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सात अधिकारियों-कर्मचारियों को मिली पदोन्नति

Letter

उत्तराखंड सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी द्वारा जारी अलग-अलग कार्यालय आदेशों के तहत विभाग के सात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न पदों पर पदोन्नति प्रदान की गई है। सभी पदोन्नतियां 1 जुलाई 2026 अथवा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

कार्यालय आदेश के अनुसार विभाग में कार्यरत प्रधान सहायक सुषमा और  भरत सिंह रावत को नियमित चयन के बाद प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नत किया गया है। दोनों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-7 (₹44,900-1,42,400) में दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की संस्तुति के आधार पर एक अनुवादक और तीन अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारियों को सूचना अधिकारी/जिला सूचना अधिकारी के पद पर पदोन्नति दी गई है। पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में संजय सिंह, रती लाल, कृपाल लाल टम्टा और भजनी शामिल हैं। इन सभी को भी वेतन मैट्रिक्स लेवल-7 (₹44,900-1,42,400) में पदोन्नत किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी फिलहाल अपने वर्तमान तैनाती स्थल पर ही कार्यभार ग्रहण करेंगे, जबकि उनके स्थानांतरण अथवा नई तैनाती के आदेश आवश्यकतानुसार बाद में जारी किए जाएंगे।

वहीं, विभाग में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारी विजय कुमार को नियमित चयन के बाद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रिक्त पद पर पदोन्नत किया गया है। उन्हें वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600-1,51,100) में दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर नियुक्त किया गया है।

कार्यालय आदेश में कहा गया है कि सभी पदोन्नत कर्मचारियों को वित्त विभाग के शासनादेश के अनुसार वेतन निर्धारण के लिए एक माह के भीतर विकल्प देने का अवसर मिलेगा। यह विकल्प अंतिम माना जाएगा।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी पदोन्नतियां फिलहाल अस्थायी प्रकृति की हैं। यदि भविष्य में उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड के लिए आवंटित वरिष्ठ कार्मिक विभाग में कार्यभार ग्रहण करते हैं, तो नियमानुसार संबंधित पदोन्नत कर्मचारियों को उनके पूर्व पदों पर प्रत्यावर्तित किया जा सकता है।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी द्वारा जारी इन आदेशों के बाद विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.