June 25, 2026

मंगलौर में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 20 घरों में एसी-हीटर चलाते पकड़े गए लोग

Mangalore

भीषण गर्मी के बीच बिजली चोरी कर एसी और हीटर चलाने वालों के खिलाफ ऊर्जा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विजिलेंस और उपखंड मंगलौर की संयुक्त टीम ने कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 20 घरों में बिजली चोरी का मामला पकड़ा है।

छापेमारी के दौरान टीम के पहुंचते ही बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। कई घरों में लोगों ने आनन-फानन में अवैध केबल और कटिया हटाने की कोशिश की, लेकिन विभागीय टीम ने मौके पर ही जांच कर बिजली चोरी के मामलों का खुलासा कर दिया।

संयुक्त टीम ने सीमलोनी, खोखरा कुआं, गाढ़ा कॉलोनी और पठानपुरा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान 20 घरों में सीधे बिजली के पोल से कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन घरों में एसी और हीटर जैसे अधिक बिजली खपत वाले उपकरण धड़ल्ले से चलाए जा रहे थे।

बिजली विभाग ने सभी 20 आरोपितों के खिलाफ विद्युत चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उपखंड अधिकारी Anubhav Saini ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे विद्युत तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। विभाग उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए लगातार प्रयासरत है, लेकिन बिजली चोरी के कारण फॉल्ट और ट्रिपिंग की घटनाएं बढ़ जाती हैं।

उन्होंने कहा कि विजिलेंस टीम के सहयोग से आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आवश्यकता के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें, सभी विद्युत उपकरण एक साथ न चलाएं तथा शाम के पीक आवर्स के दौरान एसी और कूलर का सीमित इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही क्षेत्र में निर्बाध और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।

उपखंड अधिकारी Anubhav Saini 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.