August 8, 2026

चम्पावत में वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, गुलदार की खाल के साथ युवक गिरफ्तार

चम्पावत जनपद में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक अहम कार्रवाई करते हुए एसओजी, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रीठा साहिब क्षेत्र से एक युवक को गुलदार (तेंदुआ) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, भिंगराडा वन क्षेत्र के अंतर्गत चैड़ा मेहता लीसा डिपो के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी दीपक सिंह बोहरा (28), निवासी ग्राम गागरी, के पास से गुलदार की खाल बरामद की गई। बरामद खाल की लंबाई करीब 120 सेंटीमीटर बताई जा रही है। आरोपी इस खाल को बेचने के उद्देश्य से लोहाघाट ले जा रहा था।

वन विभाग की एसडीओ नेहा चौधरी ने बताया कि मौके पर ही खाल को सील कर दिया गया और आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया।

वहीं, रेखा यादव ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने कुछ महीने पहले फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था और उसकी हड्डियां जंगल में छिपा दी थीं। वन विभाग अब आरोपी को रिमांड पर लेकर हड्डियों की बरामदगी की कार्रवाई करेगा।

जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से भी शिकार से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। बताया जा रहा है कि वह खाल को स्कूटी में एक थैले में रखकर किसी व्यक्ति को सौंपने जा रहा था। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच जारी है।

रेखा यादव एसपी चंपावत।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.