September 14, 2026

काशीपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों और फर्जी लाइसेंस का जखीरा बरामद

अवैध हथियारों के फर्जी लाइसेंस धारकों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में एसटीएफ और काशीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कटोराताल क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।

मामले का खुलासा करते हुए एसटीएफ के एसएसपी Ajay Singh ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर वाहन को कब्जे में लिया।

तलाशी के दौरान कार से एक पंप एक्शन बंदूक, एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल, दो मैगजीन, एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, एक रिवॉल्वर, 237 जिंदा कारतूस तथा फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।

पुलिस ने इस मामले में सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल निवासी काशीपुर के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बाहरी राज्यों से फर्जी तरीके से शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उन्हें उत्तराखंड में ट्रांसफर कराने और वैध दिखाने वाले गिरोह एसटीएफ के रडार पर हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में इस नेटवर्क से जुड़े अब तक तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में संलिप्त पांच आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एसटीएफ इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और आने वाले दिनों में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।

एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों और फर्जी लाइसेंस के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अजय सिंह, एसएसपी, एसटीएफ

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.