June 23, 2026

मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया ने भारत को स्टार्टअप के हब के रूप में किया स्थापित।

नई दिल्ली , मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित 43वाँ भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले IITF-2024, में कहा कि बीते 10 वर्षों में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसी अनेकों योजनाओं ने भारत को स्टार्टअप के हब के रूप में स्थापित किया है, जिससे देश में रोजगार व स्वरोजगार पैदा हो रहे हैं। आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के विभिन्न उत्पादों पर आधारित स्टालों का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड स्थापना के 24 वर्ष पूर्ण कर चुका है। अब राज्य रजत जयंती में प्रवेश कर चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने केदारनाथ की भूमि से 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक बताया था। राज्य सरकार प्रधानमंत्री जी के उन शब्दों को धरातल में उतार रही है। हमारा राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल लाइन के निर्माण से पहाड़ों में रेल पहुंचने का सपना पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है, जिस पर हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी सोच से देश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय ने बताया कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के बीते 7 दिनों में ₹1 करोड़ 16 लाख के उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों की बिक्री हुई है। इसके साथ ₹2 करोड़ के ऑर्डर भी हस्त शिल्पकारों को मिले हैं। देश में राज्य के उत्पादों की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड राज्य को पर्यटन, कृषि , उद्योग, ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी किया जा रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, महानिदेशक उद्योग श प्रतीक जैन, स्थानीय आयुक्त अजय मिश्रा, निदेशक संस्कृति विभाग श्रीमती बीना भट्ट एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.