November 2, 2026

मसूरी विधानसभा क्षेत्र में ₹12 लाख के विकास कार्यों का मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास

Dehradun

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजपुर वार्ड संख्या-4 की चन्द्रलोक बस्ती में कुल 12 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इनमें तीन लाख रुपये की लागत से तटबंध के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण और नौ लाख रुपये की लागत से राधाकृष्ण मंदिर में टिन शेड का निर्माण कार्य शामिल है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार जिन विकास कार्यों का शिलान्यास करती है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर उनका लोकार्पण भी सुनिश्चित करती है, जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को केवल घोषणाओं और योजनाओं तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.