June 23, 2026

मोहम्मद दीपक पर कांग्रेसी एजेंट होने का आरोप, सर्व समाज ने किया बहिष्कार का ऐलान

कोटद्वार के मोहम्मद दीपक प्रकरण को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में दर्जनों सामाजिक संगठनों ने मोहम्मद दीपक पर कांग्रेस का एजेंट होने का आरोप लगाते हुए उसके बहिष्कार की घोषणा की।

साथ ही कांग्रेस पर प्रदेश का माहौल खराब करने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया गया। सामाजिक संगठनों ने ऐलान किया कि 14 फरवरी को कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में प्रजापति राष्ट्रीय प्रजापति मंच की संगीता प्रजापति, अंबेडकर महामंच के प्रवीण पेंगवाल, भैरव सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित चौहान, बजरंग दल के जिला संयोजक अमित मुल्तानिया, दलित आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीनेश्वर सहित कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि मोहम्मद दीपक कांग्रेस के इशारे पर काम कर रहा है और उसके माध्यम से प्रदेश में सामाजिक तनाव फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
भैरव सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित चौहान ने कहा कि कोटद्वार प्रकरण से यह स्पष्ट हो गया है कि मोहम्मद दीपक कांग्रेस का एजेंट है, जिसका सर्व समाज विरोध करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भीम आर्मी मिलकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और मोहम्मद दीपक को राष्ट्रीय स्तर पर फंडिंग मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और हिंदू विरोधी ताकतें खुलकर उसके समर्थन में सामने आ रही हैं।

दलित आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीनेश्वर ने कहा कि जब नाबालिग बच्चों के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं होती हैं, तब ऐसे लोग गायब रहते हैं, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे प्रकरणों को हवा दी जाती है। प्रजापति राष्ट्रीय प्रजापति मंच की संगीता प्रजापति ने कहा कि पुलवामा जैसे हमलों में जब धर्म पूछकर हिंदुओं की हत्या की जाती है, तब ऐसे तथाकथित सामाजिक कार्यकर्ता चुप रहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी बाबा के नाम पर स्थानीय हिंदू समाज को आपत्ति थी, तो मारपीट करने का अधिकार किसने दिया।

बजरंग दल के जिला संयोजक अमित मुल्तानिया ने कहा कि यह मामला देश के युवाओं की सोच पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद विरोधी मानसिकता के लोग एक मंच पर आकर दीपक मोहम्मद प्रकरण को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। सभी संगठनों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि 14 फरवरी को कांग्रेस मुख्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.