June 30, 2026

मोहम्मद दीपक को जान से मारने की धमकी, इनाम भी घोषित

नाम बदलकर राजनीतिक घमासान मचा देने और सोशल मीडिया पर खूब तारीफ पाने वाले दीपक कुमार को अब सोशल मीडिया पर ही धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने दीपक को मारने वाले को दो लाख रुपये का इनाम देने की बात कही है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

26 जनवरी को पटेल मार्ग पर रेडिमेड गारमेंट्स की दुकान का नाम बदलने पर शुरू हुए विवाद में बीचबचाव करने पहुंचे दीपक कुमार ने खुद को मोहम्मद दीपक कहकर प्रस्तुत किया था। तभी से एक नए घटनाक्रम ने जन्म ले लिया था। इस मामले ने राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दीं। विपक्षी दलों ने दीपक कुमार की प्रशंसा की। सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक तेजी से बढ़े। अब दीपक कुमार को उसी सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने लगी हैं।

दीपक कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उन्हें मारने के संबंध में दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस ने मामले की छानबीन की, तो आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष, निवासी मोतीहारी, बिहार के रूप में हुई है। पौड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बिहार पुलिस से संपर्क स्थापित कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल प्रदीप नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हालांकि धमकी बहुत ही मामूली है, लेकिन इसे गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

दीपक कुमार के जिम में की थी तोड़फोड़

जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने पत्र में कहा कि दीपक कुमार ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाते हुए हिंसा का विरोध किया लेकिन उन्हें लगातार धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। 31 जनवरी को दून और हरिद्वार से बड़ी संख्या में लोगों ने कोटद्वार पहुंचकर दीपक कुमार के जिम पर तोड़फोड़ का प्रयास किया।

जमीअत ने कहा कि ऐसे नागरिक को निशाना बनाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है जिसने हिंसा के खिलाफ खड़े होकर सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की शांत छवि धूमिल हो रही है। उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से मांग करते हुए कहा कि कोटद्वार में तोड़फोड़ का प्रयास करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाए

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.