July 28, 2026

देहरादून: नंदा की चौकी पुल क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित, प्रशासन अलर्ट

देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते देहरादून-पांवटा साहिब के पुराने राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी का पुनर्निर्मित मुख्य पुल भी अब सुरक्षित नहीं रह गया है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल में भारी धंसाव हो गया है। हैरानी की बात यह है कि पुल को यातायात के लिए शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए थे और पहली बड़ी बारिश में ही इसमें गंभीर क्षति सामने आ गई। क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने प्रभावित मार्ग पर यातायात को नियंत्रित करते हुए लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

गौरतलब है कि इससे पहले 11 जुलाई की रात टौंस नदी के तेज बहाव में ह्यूम पाइप डालकर बनाई गई अस्थाई पुलिया धंस गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने तेजी से अंतिम कार्य पूरे कर 12 जुलाई से पुनर्निर्मित मुख्य पुल पर वाहनों का संचालन शुरू करा दिया था।

पुल के क्षतिग्रस्त होने से प्रेमनगर, विकासनगर, पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर रही हैं तथा मार्ग को जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और क्षतिग्रस्त पुलों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.