किशन नगर में नवनिर्मित ट्यूबवेल का शुभारंभ, क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत: गणेश जोशी
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को किशन नगर के राजेंद्र नगर वार्ड में नवनिर्मित ट्यूबवेल का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नए ट्यूबवेल के शुरू होने से राजेंद्र नगर वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पहले से अधिक सुचारु और सुदृढ़ होगी। इससे स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बुनियादी सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इसी उद्देश्य के तहत विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री गणेश जोशी के समक्ष सीवर लाइन से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे और जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सरकार की प्रतिबद्धता है।
