June 23, 2026

एनजीओ संचालक पर 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप, मुकदमा दर्ज

 

बेटी ने मां को बताया कि संचालक उसके साथ एक महीने से दुष्कर्म कर रहा है

जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसबीटी न्यूज़ उत्तराखंड

देहरादून। गुरुकुल नवादा स्थित एनजीओ जीवन ज्योति के संचालक पर एक महिला ने उसकी 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं ने बताया कि एनजीओ में गरीब व जरूरतमंद परिवारों के बच्चे रहते हैं। वर्तमान में जीवन ज्योति एनजीओ में छह बालिकाएं व दो बालक रहते हैं। एक महिला की दो बालिकाएं भी इसी एनजीओ में हैं। रविवार को महिला अपनी दोनों बच्चियों का हालचाल पूछने के लिए एनजीओ पहुंची तो उसकी 12 साल की बेटी ने संचालक की करतूत बताई।

बेटी ने मां को बताया कि संचालक उसके साथ एक महीने से दुष्कर्म कर रहा है। शिकायत करने पर वह जान से मारने की धमकी दे रहा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि संचालक जनार्धन बिंजोला के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, इस घटना के बाद सभी लोग अपने बच्चों को एनजीओ से घर ले गए हैं। बताया जा रहा है कि जरूरतमंद लोग अपने बच्चों को पढ़ने के लिए एनजीओ में भेजते थे। एनजीओ में पढ़ाई के साथ रहना व खाना मुफ्त था। यहां संचालक के अलावा एक महिला भी थी। महिला ने भी इस मामले की सूचना किसी को नहीं दी। ऐसे में पुलिस उसकी भूमिका भी संदिग्ध मान रही है। वहीं, एनजीओ में रहने वाले बच्चों से भी पुलिस इस संबंध में पूछताछ करेगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.