August 14, 2026

नई टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’ के तहत फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ, तिरंगा रैली में उमड़ा देशभक्ति का जोश

exhibition

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से नई टिहरी में दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री ने केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा और देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित करने वाली तस्वीरों की सराहना की।

‘हर घर तिरंगा’ और ‘विभाजन विभीषिका’ पर केंद्रित प्रदर्शनी

नई टिहरी में आयोजित फोटो प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान तिरंगा रैली का भी आयोजन किया गया। चंबा ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रीदेव सुमन पार्क से निकली रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया गया।

रैली में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी करने के साथ ही जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना तथा उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने 13 अगस्त को नई टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया। कविता, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कविता प्रतियोगिता: वीबीएस पब्लिक स्कूल की आकृति ने प्रथम, ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल की अवंतिका ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिमा चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रकला प्रतियोगिता: ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल के आरुम हुसैन ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आरुषी ने द्वितीय और खुशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

पोस्टर मेकिंग: ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल की रिद्धिमा ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की फाइजा ने द्वितीय और रहनुमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विभाजन की पीड़ा को तस्वीरों के जरिए किया याद

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में सूचना विभाग की ओर से भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उस दौर की पीड़ादायक स्मृतियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। तस्वीरों और विवरण के माध्यम से विभाजन के दौरान लाखों लोगों की पीड़ा, संघर्ष और अपने घर-बार से बिछड़ने की कहानी को प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर पाकिस्तान से विभाजन के बाद टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मान का यह क्षण भावुक कर देने वाला रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के इतिहास के इस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.