July 26, 2026

श्यामपुर फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद

ऋषिकेश, श्यामपुर क्षेत्र के भट्टोवाला में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध फैक्ट्री मेड पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को भट्टोवाला, श्यामपुर क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पी रहे तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने रोकने का प्रयास किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवक अवैध हथियारों से लैस होकर दोबारा मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

फायरिंग की घटना में जसपाल रावत और मनीष व्यास उर्फ नरेश व्यास घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में गठित विशेष पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम वसीम अख्तर पुत्र महफूज आलम निवासी इस्लामपुर, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) बताया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की नीयत से फायरिंग करने की बात स्वीकार की। 5 जून को उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध फैक्ट्री मेड पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी बरामद हथियार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

विवेचना के दौरान घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान आमिर निवासी ग्राम पंडोर तथा अनवर निवासी ग्राम बथली, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध फैक्ट्री मेड पिस्टल (मैगजीन सहित), तीन जिंदा कारतूस (7.65 केएफ), एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या BR-30-AN-5769 बरामद की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.