Recent Posts

September 21, 2026

रामनगर में कथित गोवंश कटान की सूचना पर छापेमारी, संदिग्ध मांस और औजार बरामद

Ramnagar

नैनीताल जिले के रामनगर कोतवाली पुलिस ने कथित गोवंश कटान के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम-2007 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने खताड़ी चौकी क्षेत्र में बड़ी मस्जिद के पीछे स्थित सुनसान स्थान पर छापेमारी के दौरान संदिग्ध गोमांस, गोवंश की खाल तथा कटान में प्रयुक्त धारदार हथियार और अन्य औजार बरामद किए हैं। बरामद मांस के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है और पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

रामनगर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब तीन बजे नाइट ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मस्जिद के पीछे स्थित स्लॉटर हाउस के पीछे कुछ लोग अवैध रूप से गोवंश का कटान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली तो वहां खून के ताजा निशान मिले। निशानों का पीछा करने पर तीन अलग-अलग स्थानों से संदिग्ध मांस बरामद हुआ। मौके से गोवंश की खाल, एक चापड़, तीन चाकू और एक रेतीदार लोहे का हथियार भी बरामद किया गया। पुलिस ने सभी बरामद सामान को सील कर कब्जे में लेते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना की सूचना पर पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची। चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद बरामद मांस के नमूने सुरक्षित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर फोरेंसिक और अन्य आवश्यक परीक्षण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बरामद मांस की प्रकृति की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 की धारा 3, 5 और 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस बीच भाजपा नेता एवं हिंदूवादी नेता मदन जोशी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कुछ संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

मदन जोशी, भाजपा नेता

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.