June 23, 2026

विकासनगर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पर छापा, गंभीर अनियमितताएं उजागर

देहरादून जनपद के विकासनगर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जिलाधिकारी द्वारा आज औचक निरीक्षण/छापेमारी की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

निरीक्षण के दौरान वर्ष 2018, 2024 और 2025 तक के मूल विलेख पत्र (Original Deed Registers) संदिग्ध स्थिति में पाए गए, जिन्हें तत्काल कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि विक्रय हेतु प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्रियां भी की गईं, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

इसके अलावा धारा 47-ए के अंतर्गत स्टांप शुल्क चोरी से जुड़े 47 मामलों की पहचान की गई है। इसे वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला मानते हुए प्रशासन ने संबंधित प्रकरणों में विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जांच में कार्यालय के संचालन में पारदर्शिता की कमी, अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही और प्रक्रियाओं के उल्लंघन जैसी कई अन्य खामियां भी उजागर हुईं। जिला प्रशासन इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत जांच कर समग्र रिपोर्ट तैयार कर रहा है, जिसे शासन को भेजा जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि वर्तमान और पूर्व में तैनात सभी सब-रजिस्ट्रार के कार्यकाल की गहन जांच की जाए। जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जनहित से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार, लापरवाही या किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.