October 5, 2026

लैंसडाउन के मेहर गांव में बारिश का कहर, मकान ढहने से दो साल के बच्चे की मौत

house collapse

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पौड़ी जिले के लैंसडाउन क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। द्वारीखाल ब्लॉक के मेहर गांव में भारी बारिश के दौरान मकान के ऊपर मलबा आ गिरा, जिससे मकान क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। हादसे में मलबे में दबे दो वर्षीय बालक रुद्राक्ष की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे मेहर गांव में मकान के ऊपर मलबा आने की सूचना मिली। बताया गया कि हादसे के समय मकान के भीतर तीन लोग मौजूद थे और मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने दो वर्षीय रुद्राक्ष पुत्र नवीन सिंह का शव मलबे से बरामद कर लिया। वहीं, धीरेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह (46) और मथुरा देवी पत्नी प्रताप सिंह (70) की तलाश अभी जारी है। भारी बारिश और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीम मलबा हटाकर दोनों की तलाश में जुटी हुई है।

लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.