August 8, 2026

बहन की मेहंदी और हल्दी में खूब झूमे ऋषभ पंत

भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन साक्षी पंत की शादी का समारोह मसूरी के लाइब्रेरी चौक स्थित एक होटल में आयोजित हो रहा है। मंगलवार को यहां हल्दी की रस्म अदा की गई। बुधवार को शादी की सभी रस्में पूरी की जाएंगी। समारोह में कई क्रिकेटर पहुंचे हैं। वहीं ऋषभ भी बहन की शादी में जमकर थिरके। साथ ही खूब अबीर-गुलाल उड़ाया।

शहर के लाइब्रेरी चौक स्थित एक बड़े होटल में क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन साक्षी पंत की शादी समारोह में ऋषभ अपने दोस्तों, पारिवारिक सदस्यों के साथ गढ़वाली, हिंदी, पंजाबी गीतों पर जमकर झूमे। शादी समारोह में भारतीय टीम के खिलाड़ी सहित आईपीएल खिलाड़ी और बॉलीवुड की कई हस्तियां पहुंची हैं। समारोह को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया है।

, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उनकी पत्नी साक्षी, भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, नीतेश राणा सहित कई अन्य क्रिकेटर भी पहुंचे हैं। मंगलवार को होटल में हल्दी की रस्म अदा की गई। यहां डिनर पार्टी, गीत संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बुधवार को शादी की सभी रस्में पूरी की जाएंगी। समारोह में बॉलीवुड सिंगर शादाब फरीदी के भी पहुंचने की सूचना है। वहीं, हरिद्वार के खानपुर विधायक उमेश कुमार भी पहुंचे हैं। समारोह में ऋषभ पंत ने विधायक उमेश कुमार पर रंग लगाया और दोनों ने जमकर ढोल-नगाड़ों के साथ डांस किया।

शादी समारोह के लिए पूरे होटल को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शादी समारोह से मीडिया कर्मियों को दूर रखा गया। साथ ही होटल कर्मचारियों के फोन बंद किए गए थे। अन्य लोगों के भी फोन कैमरा बंद कराए गए थे।

बता दें कि साक्षी पंत की शादी बिजनेसमैन अंकित चौधरी से हो रही है। वे लंबे समय से एक दूसरे के साथ संपर्क में थे। इसी साल जनवरी में उनकी सगाई हुई थी। साक्षी पंत की बात करें तो वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह ऋषभ पंत से बड़ी हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.