चारधाम यात्रा मार्ग पर आरटीओ की सख्ती, 12,500 से अधिक वाहनों के चालान, 51 वाहन सीज
चारधाम यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। आरटीओ प्रशासन द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत यात्रा मार्ग पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए हजारों वाहनों के चालान किए गए और कई वाहनों को सीज किया गया।
आरटीओ प्रशासन के अनुसार, चारधाम यात्रा मार्ग पर परिवहन टास्क फोर्स की कड़ी निगरानी में नौ प्रमुख रूटों पर विशेष प्रवर्तन दल तैनात किए गए। इसके अलावा छह चेकपोस्टों पर यात्रा में शामिल वाहनों के ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड की अनिवार्य जांच की गई।
विशेष अभियान के दौरान चेकपोस्टों पर करीब 3,500 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 51 वाहनों को सीज किया गया। चालान किए गए वाहनों में लगभग 1,000 उत्तराखंड और 2,500 अन्य राज्यों के वाहन शामिल रहे।
इसके अलावा यात्रा मार्ग पर तैनात प्रवर्तन (एनफोर्समेंट) स्क्वॉड ने भी व्यापक कार्रवाई करते हुए 9,000 से अधिक वाहनों के चालान किए। इनमें करीब 6,000 उत्तराखंड और 3,000 बाहरी राज्यों के वाहन शामिल हैं।
आरटीओ प्रशासन का कहना है कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, रैश ड्राइविंग पर अंकुश लगाना और चारधाम यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं को कम करना है। विभाग के अनुसार, लगातार निगरानी और सख्त प्रवर्तन के चलते यात्रा मार्ग पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा अवधि के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संदीप सैनी आरटीओ देहरादून
