June 19, 2026

रुद्रपुर में 26 जून को होगा ‘खेत बचाओ अभियान’, तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न

Meeting

उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय स्थित मुख्य सचिव सभागार में 26 जून 2026 को रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, जबकि ऊधमसिंहनगर, नैनीताल और चम्पावत जनपदों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

बैठक में कृषि, उद्यान, बागवानी मिशन, सगंध पौधा केंद्र समेत कई विभागों द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की गई। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने सभी विभागों को समन्वित तरीके से समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम में ऊधमसिंहनगर, नैनीताल और चम्पावत जनपदों से लगभग 9,500 किसान एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्य भाग लेंगे। इसके अलावा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से करीब 1,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रहने की उम्मीद जताई गई है।

कार्यक्रम के दौरान कृषि, उद्यान, ग्रामीण विकास, चाय विकास बोर्ड, सगंध पौधा केंद्र, रेशम विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं, तकनीकी नवाचारों और कृषि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।

मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को पंडाल, मंच, भोजन, परिवहन, सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौसम की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सरकारी व्यय में मितव्ययिता बरतने पर भी जोर दिया।

बैठक में कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अंत में मंत्री ने सभी विभागों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.