May 17, 2026

Dehradun 16 May 2026,

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों को एसआईआर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त करने की अपील की गई, ताकि वोटर्स पुनरीक्षण कार्य त्रुटिरहित ढंग से निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके।

विस्तृत जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 29 मई से 7 जून तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग एवं कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्य संपन्न किया जाएगा। इसके उपरांत 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे। इसी अवधि में नए पोलिंग बूथों को सम्मिलित करते हुए बूथों का अंतिम एसआईआर प्रक्रिया निर्धारण भी किया जाएगा।

निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इसमें सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने के साथ-साथ अनुपस्थित , स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि देहरादून जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर अभियान के अंतर्गत 16 मई तक 11 लाख 1 हजार 437 मतदाताओं, अर्थात 79.77 प्रतिशत की मैपिंग पूर्ण की जा चुकी है, जबकि शेष 2 लाख 79 हजार 363 मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया प्रगति पर है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों द्वारा विधानसभा स्तर पर नियुक्त बीएलए-1 के माध्यम से प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 1882 मतदेय स्थल हैं, जिनमें अब तक भारतीय जनता पार्टी ने 1836, कांग्रेस ने 1443 तथा सीपीआई ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अधिकृत बीएलए-2 अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची के परीक्षण, संशोधन एवं अन्य कार्यों में सहयोग कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दल, बीएलए या कोई भी नागरिक निर्वाच आयोग द्वारा निर्धारित ईसीआई-नेट के माध्यम से अपना पंजीकरण, वोटर कार्ड की जानकारी ले सकते है। एप पर बुक ए कॉल विद बीएलओ के माध्यम से अपने बीएलओ स भी जानकारी प्राप्त कर सकते है। इसके अतिरिक्त निर्वाचन कार्यालय के ट्रोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क कर सकते है।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.