June 23, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने डेफ ओलंपिक में स्कीइंग में प्रतिभागी खिलाड़ी अमीषा चौहान को ₹50 लाख का चेक प्रदान कर किया सम्मानित।

उत्तराखंड , मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को युवा कल्याण निदेशालय में खेल महाकुंभ – 2024 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के पदक विजेता खिलाड़ियों को भी सीधी भर्ती के पदों पर अन्य खिलाड़ियों की तरह चार प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। साथ ही खेल महाकुंभ में जनपद स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी स्पोर्ट्स किट प्रदान की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डेफ ओलंपिक में स्कीइंग में प्रतिभाग करने वाली खिलाड़ी अमीषा चौहान को ₹50 लाख की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही एथलेटिक्स में 27वीं नेशनल फेडरेशन में स्वर्ण पदक जीतने वाली सोनिया को ₹02 लाख और 22वें नेशनल फेडरेशन जूनियर में राहुल सरनालिया को स्वर्ण पदक जीतने पर ₹01 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, गत वर्ष खेल महाकुंभ में सवा तीन लाख से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। इस बार का आयोजन इस रिकॉर्ड को तोड़ने का काम करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस बार के खेल महाकुंभ में विभिन्न स्तर के विजेता खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से ₹11 करोड़ से अधिक की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। इसलिए खिलाड़ी आगे आकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत आठ वर्ष की आयु से ही चयनित खिलाड़ियों को ₹1500 और 14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ियों को दो हजार रुपए प्रति माह की छात्रवृत्ति के साथ उपकरण खरीदने के लिए प्रतिवर्ष दस हजार रुपए की धनराशि प्रदान कर रही है। साथ ही दिव्यांग खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी समान अधिकार दिए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने नौकरियों में फिर से खेल कोटा बहाल कर दिया है। इस बार के बजट में युवा शक्ति को ध्यान में रखते हुए युवा कल्याण, खेल कूद, उच्च शिक्षा के लिए ₹1700 करोड़ खर्च करने का प्रावधान रखा गया है।

खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार, खेल और खिलाडियों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नौकरियों में खेल आरक्षण से लेकर, खेल विश्वविद्यालय और गर्ल्स स्पोर्ट़्स कॉलेज की स्थापना के निर्णय लिए गए हैं।

इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक प्रशांत आर्य उपस्थित रहे।

State label Khale Mahakumbh-2024

मुख्यमंत्री धामी ने डेफ ओलंपिक में स्कीइंग में प्रतिभागी खिलाड़ी अमीषा चौहान को ₹50 लाख का चेक प्रदान कर किया सम्मानित।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.