भू-माफियाओं के खिलाफ सुराज सेवा दल का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान हंगामा
देहरादून में सरकारी जमीनों पर कथित अवैध कब्जों और आम जनता के साथ धोखाधड़ी के मामलों को लेकर सुराज सेवा दल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास कूच किया। इस दौरान संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की भी सूचना है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि प्रशासन छोटे स्तर पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ तो तत्काल कार्रवाई करता है, लेकिन बड़े भू-माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कुछ सरकारी अधिकारियों पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए और कहा कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
रमेश जोशी ने नगर निगम से जुड़े कथित घोटालों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा।
प्रदर्शन में देवेंद्र बिष्ट, सुमित अग्रवाल, हिमांशु धामी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों की अनदेखी होने पर आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।