July 28, 2026

हिमालय के खूबसूरत ट्रैकिंग रूट्स से परिचित कराएगा टिहरी लेक फेस्टिवल

टिहरी के पयर्टन को बढ़ावा देने के लिए आगामी 6 से 9 मार्च के बीच आयोजित किए जा रहे टिहरी लेक फेस्टिवल के दौरान, जिले में 9 स्थानों पर ट्रैकिंग अभियान भी संचालित किए जाएंगे। जिसके जरिए प्रतिभागी, हिमालय की खूबसरती का दीदार करने के साथ ही ग्रामीण जनजीवन से भी परिचित होंगे।
झील के कारण टिहरी, हाल के समय में वाटर स्पोर्ट्स का बड़ा डेस्टिनेशन बन चुका है। लेकिन टिहरी में इसके अलावा भी पयर्टकों के लिए बहुत कुछ छुपा हुआ है। खासकर पहाड़ी ढलानों, जंगलों और बुग्याल से होकर गुजरने वाले ट्रैकिंग रूट्स। इसलिए जिला प्रशासन टिहरी लेक फेस्टिवल के दौरान पयर्टकों को नया अनुभव दिलाने के लिए 9 स्थानों पर ट्रैकिंग अभियान संचालित करने जा रहा है। उक्त सभी ट्रैकिंग अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे, जिस कारण पयर्टक टिहरी के ग्रामीण जनजीवन से भी परिचित हो सकेंगे। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने कहा कि इन ट्रैकिंग अभियानों का उद्देश्य केवल साहसिक गतिविधि तक सीमित नहीं है। यह पहल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और टिहरी को एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पयर्टकों के साथ प्रशिक्षित गाइड भी साथ चलेंगे, पयर्टकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं।
रात में एस्ट्रो नाइट
फेस्टिवल के दौरान ‘एस्ट्रो नाइट’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें साफ आसमान के नीचे तारों का अवलोकन कराया जाएगा। दिन में ट्रैकिंग और रात में तारामंडल का अनुभव—यह संयोजन प्रतिभागियों को प्रकृति से गहरे जुड़ाव का अवसर देगा। टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पयर्टन विकास परिषद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किए जा रहे Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों किया जाना प्रस्तावित है।

कार्यक्रम
07 मार्च
थंगधार कोटिया से अगान – 05 किमी
मंदार से पीडी पर्वत – 07 किमी
आगराखाल से कसमोली बर्ल्ड ट्रेल – 08 किमी
देवलसारी से नागटिब्बा – 08 किमी

08 मार्च
टिहरी झील से कोत्था पिकनिक स्पॉट – 04 किमी
गजा से घंटाकर्ण मंदिर – 04 किमी
गजा से डांडाचली – 10 किमी
थात से खैट पर्वत -07 किमी
हुलाना खाल से बरसाताल ट्रैक -04 किमी

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.