June 24, 2026

बदले मौसम से गिरा पारा…ठंडी हवाओं ने गर्मी से दी राहत, चारधाम तीर्थयात्री रहें अलर्ट

उत्तराखंड में मई की शुरूआत बदले मौसम के साथ हुई है। इसके चलते मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिली तो पहाड़ों पर एक बार फिर से ठंड लौट आई है। बृहस्पतिवार को दून में बादल छाए और हवाएं चलीं तो तापमान में गिरावट देखने को मिली। उधर शुक्रवार को भी दून में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है

मौसम के बदले पैटर्न की वजह से मार्च के आखिरी दिनों से ही गर्मी का अहसास होने लगा था। अप्रैल आते-आते तो मैदानी इलाकों का तापमान सामान्य आंकड़े को पार कर चुका था। हालांकि इस बीच दो-तीन बार मौसम में बदलाव हुआ तो ठंड लौटी। अप्रैल के कुछ एक दिनों को छोड़ पूरे महीने भर गर्मी ने परेशान किया।

ऐसे में मई की शुरुआत बदले मौसम के साथ हुई तो मैदानी इलाकों को मौसम सुहाना हो गया और गर्मी से राहत मिली। आंकड़ों पर नजर डालें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री गिरावट के साथ 34.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य हिस्सों का भी रहा। दिन भर बादल छाए रहने और हवाएं चलने से मौसम सुहाना रहा।

तैयारी के साथ करें पहाड़ों की यात्रा, पांच मई तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों ने हिदायत देते हुए कहा कि पांच मई तक प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में यात्रा सावधानी के साथ करें। मौसम में बदलाव होने से ठंड लौट सकती है। ऐसे में गर्म कपड़े और मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलें। खास तौर पर चारधाम यात्रा पर निकलने वाले लोग वहां के मौसम की जानकारी जरूर लें। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा, पांच मई तक प्रदेश भर में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तेज हवाएं और बिजली चमकने के साथ कुछ इलाकों में बारिश परेशानी बढ़ा सकती है। इसकी मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.