June 24, 2026

पौड़ी के पैठाणी रेंज में भालू का आतंक: जिला प्रशासन और वन विभाग द्वारा संयुक्त अभियान:मौके पर ट्रेंकुलाइज स्नाइपर भी तैनात,

Uttrakhand, 07 September 2025,

जनपद पौड़ी गढ़वाल के पैठाणी रेंज में भालू के आतंक पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन और वन विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। पैठाणी रेंज में भालू के हमलों से पिछले दिनों में कई मवेशी मारे गए हैं। जिससे कुचौली, कुडील, कठयूड़ और सौंठ समेत आसपास के गांवों के लोग दहशत में हैं।

डीएफओ सिविल पवन नेगी के नेतृत्व में 17 विशेषज्ञों की चार टीमें मौके पर उतारी गयी हैं। ये टीमें पैठाणी रेंज के अंतर्गत भालू प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही है। चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन की अनुमति के बाद वन विभाग ने मौके पर ट्रेंकुलाइज स्नाइपर भी तैनात किए हैं। टीम में दो डॉक्टर, दो ट्रेंकुलाइज स्नाइपर और अनुभवी वन्यजीव विशेषज्ञ शामिल हैं। भालू की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए एक ड्रोन कैमरा और दस ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही पिंजरे, जाल और कई स्थानों पर मचान भी तैयार किए गए हैं। विभाग लगभग 600 गौशालाओं की निगरानी भी कर रहा है।

डीएफओ श्री पवन नेगी ने बताया कि भालू की लोकेशन स्पष्ट होते ही अभियान और तेज़ होगा तथा आवश्यकता पड़ने पर और प्रोफेशनल स्नाइपर शामिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ट्रैकिंग और मैपिंग का कार्य तेज़ी से चल रहा है और जल्द ही ग्रामीणों को इस आतंक से राहत दिलाई जाएगी। इस मिशन में स्थानीय युवाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का पूरा लाभ मिल रहा है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.