हल्द्वानी में 17 से 19 जुलाई तक होगा 7वां उत्तराखंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट, प्रदेशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
उत्तराखंड के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम में 17 से 19 जुलाई तक तीन दिवसीय 7वां उत्तराखंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व राज्य स्तरीय बैडमिंटन खिलाड़ी तनमय सिंह रावत और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन से आधिकारिक स्वीकृति भी प्राप्त है।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए ‘फिट उत्तराखंड’ के निर्माण में योगदान देना है।
प्रतियोगिता में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 और ओपन वर्ग में बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे। तीन दिनों तक विभिन्न आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी आयोजन समिति की ओर से की गई है।
आयोजन समिति का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं। अब खेल प्रेमियों की नजर इस बात पर रहेगी कि इस वर्ष उत्तराखंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में कौन-से खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित करते हैं।
तन्मय रावत पूर्व राज्य स्तरीय बैडमिंटन खिलाड़ी उत्तराखंड
