June 24, 2026

देहरादून से गायब युवक का शव कोटेश्वर बांध की झील से बरामद, बिजनौर के लिए निकला था मनु

टिहरी में कोटेश्वर बांध की झील में देहरादून निवासी एक युवक का शव बरामद किया गया है। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ ने शनिवार देर शाम को शव निकाल कर पुलिस के सुपुर्द किया। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेज दिया। रविवार को पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस इसे प्रथमदृष्ट्या आत्महत्या मान रही है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।

थानाध्यक्ष अजय जाटव ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे क्यारी गांव के एक व्यक्ति ने कोटेश्वर पुलिस चौकी में फोन कर बताया कि वहां कुंजेश्वर महादेव मंदिर के नीचे झील में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ के सहयोग से देर शाम को शव बाहर निकालकर आस-पास पूछा लेकिन कोई उसकी शिनाख्त नहीं कर पाया।

उसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। रविवार को युवक के परिजनों को कोटेश्वर बांध की झील में एक शव मिलने की सूचना मिली तो वह बौराड़ी अस्पताल पहुंचे। उसके बाद शव की पहचान मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले मनु कुमार (25) पुत्र सौरव कुमार हाल निवासी सेवलाकला देहरदून के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया गया कि मनु देहरदून में इलैक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाताा था। जबकि बिजनौर में उसका गोदाम था। चार जून को वह घर से कार लेकर बिजनौर जाने की बात कहकर निकला था। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। परिजनों ने देहरादून में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि देहरादून पुलिस की जांच में उसकी लोकेशन चंबा की तरफ दिखी, जिससे उसके परिजन उसे यहां ढूंढ रहे थे। उन्होंने बताया कि अभी उसकी कार नहीं मिली है। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। प्रथमदृष्ट्या आत्म हत्या माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.