June 24, 2026

130 KM नशे में बस दौड़ाता रहा चालक, तीन घंटे खतरे में रही 27 तीर्थ यात्रियों की जान

उत्तरकाशी में पुलिस ने नगुण बैरियर पर एक शराबी बस चालक को गिरफ्तार किया। वह ऋषिकेश से गंगोत्री जा रही बस में 27 तीर्थयात्रियों को ले जा रहा था। नशे में होने के कारण उसने 130 किलोमीटर तक यात्रियों की जान खतरे में डाली।

पुलिस ने बस जब्त कर ली और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया।

शराबी चालक के बस पलटाने के दो दिन बाद फिर से गंगोत्री हाईवे पर नशे में बस दौड़ाने और तीर्थ यात्रियों की जान खतरे में डालने का मामला सामने आया है। इस बार शराबी चालक नशे में 130 किमी तक बस दौड़ाता रहा। इससे तीन घंटे तक 27 तीर्थ यात्रियों की जान सांसत में रही।
गनीमत रही कि नगुण बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने चालक के नशे में होने की आशंका पर उसे पकड़ लिया। बस को सीज कर दिया गया है। धरासू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि झारखंड से 27 तीर्थ यात्रियों का दल गंगोत्री यात्रा के लिए रविवार को ऋषिकेश पहुंचा था।

वहां रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे दल बस बुक करके गंगोत्री धाम के लिए निकला। बस के चालक सुभाष मौर्य निवासी बगसर शक्ति फार्म सितारगंज, ऊधम सिंह नगर ने शराब पी रखी थी

इसका पता तब चला, जब सुबह करीब 7:30 बजे बस उत्तरकाशी के प्रवेश द्वार नगुण बैरियर पहुंची। यहां बस की जांच के दौरान पुलिस को चालक के नशे में होने की आशंका हुई, जिस पर उसकी एल्कोमीटर से जांच की गई। चालक के नशे में होने की पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उसके विरुद्ध एमवी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही ट्रेवल एजेंट से बात कर तीर्थ यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई। तीर्थ यात्रियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें चालक के नशे में होने की जानकारी नहीं थी, लेकिन वह तेज गति और बेतरतीब तरीके से बस चला रहा था।

शुक्रवार को शराबी चालक ने पलटाई थी बस, 21 तीर्थयात्री हुए थे घायल इसी शुक्रवार को मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों से भरी बस को शराब के नशे में धुत चालक ने गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी के पास पलटा दिया था।

गनीमत रही कि बस क्रैश बैरियर से टकराने के कारण खाई में नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बस में 41 तीर्थयात्री सवार थे, जिनमें 21 घायल हुए। इस हादसे के बाद पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए यात्रा मार्ग पर वाहनों की चेकिंग तेज कर दी है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.